लखनऊ (राज्य मुख्यालय) । लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने UP की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने और मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग मुख्यालय स्थित तथागत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जोनल मुख्य अभियंताओं के साथ सड़कों की मरम्मत, गड्ढा मुक्ति और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
जितिन प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिन-रात कार्य कर UP की सड़कों की मरम्मत, नवीनीकरण और गड्ढा मुक्ति का कार्य मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि स्वयं उनके अलावा लोक निर्माण राज्य मंत्री, प्रमुख सचिव, सचिव और प्रमुख अभियंता विभिन्न जनपदों का निरीक्षण कर कार्यों की भौतिक प्रगति और गुणवत्ता की जांच करेंगे।
मंत्री ने प्रत्येक जोन के लिए मुख्यालय स्तर से तीन सदस्यीय टीम गठित कर 5 से 10 नवंबर के बीच निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और भौतिक प्रगति का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। इन टीमों द्वारा तैयार रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। बैठक में प्रमुख अभियंता संदीप कुमार ने विभागीय प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 25 अक्टूबर तक विशेष मरम्मत एवं नवीनीकरण योजना के तहत 10,675.49 किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण किया जा चुका है। इसके अलावा सामान्य नवीनीकरण के अंतर्गत 5,224.68 किलोमीटर सड़कों पर कार्य पूरा हो चुका है।
श्री प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में पॉटहोल्स से प्रभावित कुल 59,630.93 किलोमीटर UP की सड़कों के सापेक्ष 28,214.95 किलोमीटर मार्गों पर गड्ढा मुक्ति का कार्य पूरा कर लिया गया है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 47 प्रतिशत है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि शेष कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जाए, ताकि प्रदेश की जनता को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में राज्य योजनान्तर्गत राज्य राजमार्गों के सुदृढ़िकरण/ चौड़ीकरण के नए कार्यों, नाबॉर्ड योजनान्तर्गत प्रमुख / अन्य ज़िला मार्गों के उच्चिकरण के नए कार्य, प्रदेश के अन्तर्राज्यीय/ अंतर्राषट्रिय सीमा पर पड़ने वाले मार्गों का निर्माण / चौड़ीकरण/ सुदृढ़िकरण के कार्य, केंद्रीय सड़क निधि के अंतर्गत सुदृढ़िकरण/ चौड़ीकरण के नए कार्यों हेतु एकमुश्त व्यवस्था सहित अन्य विभिन्न बिंदुवों पर विचार विमर्श किया गया। समीक्षा बैठक में लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह , प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री नरेंद्र भूषण, सचिव लोक निर्माण विभाग श्री अजय चौहान, प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष श्री संदीप कुमार तथा शासन व विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। For more updates follow on X





































