लखनऊ देहरादून । उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी जनपद में स्थित सिल्कियारा सुरंग में पिछले 17 दिनों से फंसे 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने में मिली ऐतिहासिक सफलता पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित सिल्कियारा टनल रेस्क्यू अभियान की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने इस अभूतपूर्व बचाव अभियान की सफलता पर सभी संबंधित एजेंसियों, विशेषज्ञों और कर्मियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह अभियान देश की सामूहिक इच्छाशक्ति, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद विभिन्न सरकारी एजेंसियों, तकनीकी विशेषज्ञों, इंजीनियरों, सुरक्षा बलों और श्रमिकों की सहायता में जुटी टीमों ने अदम्य साहस और धैर्य का परिचय दिया। इसी का परिणाम है कि सभी श्रमिक सुरक्षित अपने परिवारों के बीच लौट सके हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखण्ड सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पूरे अभियान के दौरान समन्वित और प्रभावी नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगातार स्थिति की निगरानी किए जाने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन सभी लोगों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया जिन्होंने दिन-रात एक करके श्रमिकों की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि सिल्कियारा टनल रेस्क्यू अभियान में शामिल प्रत्येक व्यक्ति का योगदान अमूल्य है और देश उनके समर्पण तथा सेवा भावना का सदैव ऋणी रहेगा। मुख्यमंत्री ने सुरंग में फंसे श्रमिकों के साहस और धैर्य की भी प्रशंसा की तथा उनके परिवारों को बधाई दी, जिन्होंने कठिन समय में विश्वास बनाए रखा। उन्होंने कहा कि सिल्कियारा रेस्क्यू अभियान ने यह सिद्ध कर दिया है कि संकट की किसी भी घड़ी में देश की सरकारें, विशेषज्ञ संस्थान और आपदा प्रबंधन एजेंसियां पूरी प्रतिबद्धता के साथ नागरिकों की सुरक्षा के लिए कार्य करती हैं। सिल्कियारा टनल रेस्क्यू की यह सफलता न केवल एक रेस्क्यू ऑपरेशन की उपलब्धि है, बल्कि मानव जीवन की रक्षा के प्रति राष्ट्र की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। For more updates follow on X
































