लखनऊ /प्रयागराज। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने प्रदेश के परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी परिषद के नियंत्रणाधीन विद्यालयों में 20 मई से 24 जून 2026 तक अवकाश रहेगा। इसके बाद 25 जून 2026 से विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन शुरू हो जाएगा।यह आदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में जारी किया गया है। परिषद ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अवकाश अवधि के दौरान UP बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में आवश्यक तैयारियां पूरी करा ली जाएं, ताकि 25 जून से नए सत्र का संचालन सुचारु रूप से शुरू किया जा सके।
आदेश में कहा गया है कि विद्यालय खुलने से पहले साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की सफाई, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, रंगाई-पुताई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति और समुदाय के सहयोग से विद्यालयों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं।
परिषद द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए 22, 23 और 24 जून को सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। इन तीन दिनों में विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं की व्यवस्था, नामांकन प्रक्रिया, छात्र-छात्राओं के स्वागत की तैयारियां तथा शैक्षणिक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। परिषद का उद्देश्य नए सत्र की शुरुआत व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से कराना है, ताकि विद्यार्थियों को पहले दिन से ही बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि छात्रों को विद्यालय खुलने पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में योग कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की सहभागिता से सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।

उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने आरटीई अधिनियम के तहत निर्धारित शैक्षिक सत्र के अनुरूप कम से कम 220 दिन पठन-पाठन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है। सचिव के आदेश की प्रतिलिपि सभी संबंधित अधिकारियों, जिलाधिकारियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। For more updates follow on X



































