लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में LDA की अदालत तथा वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजन समाधान दिवस में आने वाले फरियादियों को अब अपनी शिकायतों की स्थिति जानने के लिए बार-बार प्राधिकरण के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण के उद्देश्य से एलडीए उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने नई व्यवस्था लागू करते हुए एक प्रभारी अधिकारी नामित किया है।
इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार उप सचिव माधवेश कुमार को प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह LDA की अदालत एवं वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजन समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों की नियमित समीक्षा करेंगे तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को तेज करेंगे।
उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रत्येक माह के तृतीय एवं चतुर्थ गुरुवार को प्राधिकरण में LDA की अदालत और वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजन समाधान दिवस आयोजित किया जाता है। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, लेकिन कई बार शिकायतों की समयबद्ध समीक्षा नहीं हो पाने के कारण आवेदकों को बार-बार प्राधिकरण आना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है।
VC ने बताया कि LDA की अदालत में प्रभारी अधिकारी द्वारा सभी आवेदनों को कंप्यूटर पर सूचीबद्ध कराया जाएगा और प्रत्येक प्रकरण की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा भी की जाएगी ताकि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र निस्तारण हो सके।
नई व्यवस्था के तहत शिकायतों के निस्तारण के बाद आवेदनकर्ताओं को दूरभाष और व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से सूचना भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे फरियादियों को अपने प्रकरण की स्थिति जानने के लिए कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।एलडीए प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शिकायत निवारण प्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी तथा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित हो सकेगी। For more updates follow on X







































