लखनऊ। आगामी दुर्गा पूजा, नवरात्रि एवं दशहरा त्यौहारों को सकुशल शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से ऐशबाग रामलीला मैदान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी Surya Pal Gangwar एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त Piyush Mordia ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, दुर्गा पूजा समितियों तथा रामलीला आयोजकों ने भाग लिया और त्योहारों के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक नहीं बल्कि आदर्श जीवन, अनुशासन और मर्यादा के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रशासन को भी अपने कार्यों में संवेदनशीलता, अनुशासन और जनसेवा की भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी रामलीला स्थलों एवं दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा और सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर जोर देते हुए कहा कि बड़े आयोजनों को देखते हुए प्रत्येक स्थल पर फायर सेफ्टी उपकरण, अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता तथा आपातकालीन निकास मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आयोजकों को विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में एम्बुलेंस एवं मेडिकल सहायता की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जाएगी, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके और त्यौहारों को सकुशल संपन्न कराया जा सके। संबधित खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
संयुक्त पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख पूजा स्थलों, रामलीला मैदानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है तथा कई स्थानों पर रूट डायवर्जन भी लागू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि त्यौहारों को सकुशल संपन्न कराने में बाधा उत्पन्न करने एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
बैठक में डीसीपी वेस्ट, एसीपी बाजार खाला, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने आयोजकों और आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, ताकि Lucknow की गंगा-जमुनी तहजीब और सांस्कृतिक विरासत की गरिमा बनी रहे।For more updates follow on X


































