लखनऊ (राज्य मुख्यालय) । खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के लिए ठहरने, भोजन और परिवहन की उच्चस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है कि वह खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तीसरे संस्करण की मेजबानी कर रहा है। ऐसे में आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जाना चाहिए ताकि देशभर से आने वाले खिलाड़ी और अतिथि प्रदेश की सकारात्मक छवि लेकर लौटें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएं। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखते हुए खिलाड़ियों के स्थानीय भ्रमण की भी समुचित व्यवस्था की जाए, जिससे वे उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से परिचित हो सकें।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 का आयोजन 25 मई से 3 जून, 2023 तक उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, गौतमबुद्धनगर तथा दिल्ली में किया जाएगा। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन 25 मई को राजधानी लखनऊ में होगा, जबकि समापन समारोह 3 जून को वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। इन खेलों में देश के लगभग 200 विश्वविद्यालयों के 4,705 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताएं 21 विभिन्न खेलों में आयोजित की जाएंगी, जिनमें देशभर के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय खेल गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगा।

मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आयोजन स्थलों पर स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और तकनीकी व्यवस्थाओं को भी समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव खेल नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, लखनऊ मंडलायुक्त रोशन जैकब सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। For more updates follow on X

































