लखनऊ। विद्युत चोरी रोकने और राजस्व वसूली बढ़ाने के उद्देश्य से LESA ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक मास रेड अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गोमती, हुसैनगंज, राजभवन, अमीनाबाद, कानपुर रोड, आसाराम फीडर, ट्रांसपोर्ट नगर, रकाबगंज और अंबरगंज समेत कई इलाकों में हाईलाइन लॉस फीडरों पर विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 1004 विद्युत संयोजनों की जांच की गई, जबकि बकाया बिल जमा न करने पर 340 उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए। इस कार्रवाई से 42.81 लाख रुपये की राजस्व वसूली हुई।
Lesa के रेड अभियान के अंतर्गत राजभवन क्षेत्र के नरही इलाके में एक उपभोक्ता के यहां मीटर रीडिंग में 8282 किलोवाट घंटा (kWh) की अनियमितता पाई गई। विद्युत चोरी के मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत कुल 37 एफआईआर दर्ज कराई गईं। इसके अतिरिक्त लगभग 36 क्षतिग्रस्त केबलों को बदलने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया गया। इस क्रम में 30.50 लाख रुपये की अतिरिक्त राजस्व वसूली की गई तथा करीब 70 मीटरों को उपभोक्ताओं के परिसरों के बाहर स्थापित किया गया।
उधर, LESA के मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने फैजुल्लागंज उपकेंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पिछले कुछ दिनों से ट्रांसफार्मर की एबीसी (Aerial Bunched Cable) केबल जलने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही थी। अधिकारियों ने बताया कि लंबी दूरी की एलटी लाइन तथा जर्जर एवं कम क्षमता वाली एबीसी केबल इसके प्रमुख कारण थे।
अधिशासी अभियंता, सीतापुर रोड ने प्रबंध निदेशक को अवगत कराया कि समस्या के समाधान के लिए नई एबीसी केबल डालकर वैकल्पिक लाइन तैयार की गई है, जिससे विद्युत आपूर्ति को सुचारू करने का प्रयास किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने LESA के अधिकारियों को रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने, विद्युत नेटवर्क की सतत निगरानी रखने तथा अगले दिन लोड बैलेंसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में नए विद्युत संयोजन देने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध नहीं है, वहां की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर तत्काल प्रस्तुत की जाए। साथ ही एलटी केबल और 11 केवी नेटवर्क से संबंधित कार्यों को रिवैंप योजना के अंतर्गत शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार हो और बढ़ते लोड की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। For more updates follow on X



































