लखनऊ (राज्य मुख्यालय)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की Chancellor आनंदी बेन पटेल ने अलीगढ़ के राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (RMP State University) की प्रगति को लेकर राजभवन से ऑनलाइन समीक्षा की। कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक, शैक्षणिक, वित्तीय एवं निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चन्द्रशेखर ने बताया कि विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र में अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज जनपद शामिल हैं। विश्वविद्यालय से कुल 365 महाविद्यालय संबद्ध हैं, जिनमें 11 राजकीय, 12 अशासकीय अनुदानित और 342 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय शामिल हैं। सत्र 2022-23 में पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या 1.56 लाख से अधिक है।
समीक्षा बैठक में RMP State University परिसर के निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई तथा 94.89 एकड़ क्षेत्र में निर्माणाधीन भवनों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सृजित पदों के सापेक्ष भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। भर्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने पर भी जोर दिया गया।
Chancellor ने विश्वविद्यालय की डिजिटल व्यवस्थाओं और वेबसाइट की समीक्षा करते हुए वेबसाइट का सिक्योरिटी ऑडिट कराने के निर्देश दिए । “समर्थ पोर्टल” और “दर्पण डैशबोर्ड” पर पंजीकरण कर सेवाओं को और प्रभावी बनाने को कहा। अकादमिक कार्यों की समीक्षा में संबद्ध महाविद्यालयों को नैक मूल्यांकन के लिए तैयार करने, परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत 20 से 30 प्रतिशत पाठ्यक्रम संशोधन लागू करने के निर्देश दिए। कुलाधिपति ने RMP State University में नैक कार्यशाला आयोजित कर उच्च ग्रेड प्राप्त करने की तैयारी कराने को भी कहा। (कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने KMC Language University की NAAC तैयारियों के प्रस्तुतिकरण पर क्या कहा, ये पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

कुलाधिपति ने विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा शुल्क जमा न होने के कारण परिणामों में हो रही देरी पर चिंता जताई तथा सुझाव दिया कि परीक्षा शुल्क सीधे विश्वविद्यालय में जमा कराने की व्यवस्था पर विचार किया जाए। वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करने के लिए बचत खातों में जमा राशि को सावधि जमा योजना में रखने के निर्देश दिए ।बैठक में ऑनलाइन जुड़े इन्द्र विक्रम सिंह को RMP State University के लिए अस्थायी कक्ष, शौचालय और फर्नीचर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए वहीं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों और प्रबंधकों ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी और वित्तीय समस्याओं को उठाया। इन समस्याओं के समाधान के लिए महाविद्यालयों को रूसा योजना के तहत अनुदान के लिए आवेदन करने को कहा
बैठक में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय से संबद्ध इंजीनियरिंग और फार्मेसी कॉलेजों की भी समीक्षा की गई। कुलपति प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने बताया कि सभी कॉलेजों में नैक मूल्यांकन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर काम किया जा रहा है। परीक्षा परिणामों के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर स्वयं का एप विकसित करने के निर्देश भी दिए।

































