आशा और आशा संगिनियों को सरकारी कार्यों में यूनिफॉर्म पहनना होगा

गौरतलब है कि आशा और आशा संगिनियां राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो गांव-गांव और मोहल्लों तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाने, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की देखभाल सुनिश्चित कराने तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं

0
282

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तर प्रदेश ने इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को आदेश जारी कर दिए हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि प्रदेश में कार्यरत सभी आशा एवं आशा संगिनियां किसी भी बैठक में भाग लेने, सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होने तथा क्षेत्र भ्रमण के दौरान निर्धारित यूनिफॉर्म में ही कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि इस व्यवस्था का सभी जनपदों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं की पहचान स्पष्ट हो सके और उनके कार्यों में एकरूपता बनी रहे।

एनएचएम द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि आशा और आशा संगिनियों के लिए यूनिफॉर्म की व्यवस्था पहले से ही राज्य सरकार द्वारा की जाती रही है। इसके लिए प्रत्येक वर्ष धनराशि आवंटित की जाती है ताकि कार्यकर्ताओं को निर्धारित वेशभूषा उपलब्ध कराई जा सके। वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी सरकार ने प्रत्येक आशा और आशा संगिनी के लिए 1000 रुपये की दर से धनराशि जिलों को उपलब्ध कराई है। इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी जनपदों को भेज दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यूनिफॉर्म के प्रयोग से आशा कार्यकर्ताओं की पहचान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आसानी से हो सकेगी। इससे स्वास्थ्य योजनाओं के प्रचार-प्रसार, टीकाकरण अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी मदद मिलेगी। आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों की पहचान करने में सुविधा होगी, जिससे स्वास्थ्य विभाग और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।

गौरतलब है कि आशा और संगिनियां राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो गांव-गांव और मोहल्लों तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाने, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की देखभाल सुनिश्चित कराने तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में सरकार ने उनकी पेशेवर पहचान को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यूनिफॉर्म पहनने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने का निर्णय लिया है। For more updates follow on X 

LEAVE A REPLY