लखनऊ/गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री (सेवानिवृत्त जनरल) डॉ. वी.के. सिंह ने रविवार को गोरखपुर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की उत्तर प्रदेश में चल रही सड़क निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन परियोजना को मार्च 2024 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश देते हुए सड़क की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराने को कहा। उन्होंने गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर सहजनवां क्षेत्र में लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं को देखते हुए ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।
महाकुंभ 2025 की तैयारियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रयागराज को जोड़ने वाली सभी प्रमुख मार्गों का सड़क निर्माण वर्ष 2024 के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए सड़क अवसंरचना को मजबूत बनाना आवश्यक है। इसके लिए चार लेन वाले राजमार्गों को छह लेन में विस्तारित करने, हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा यात्रियों के लिए शौचालय सहित अन्य जनसुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शंकर मंडपम मंदिर से त्रिवेणी संगम तक प्रस्तावित रोप-वे परियोजना को भी तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों का निस्तारण जिलाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर करें, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को सभी लंबित परियोजनाओं को तेज गति से पूरा कराने के निर्देश दिए।
अयोध्या क्षेत्र की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी 2024 में भगवान श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसे देखते हुए अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में चल रही सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए।
बैठक में गोरखपुर-वाराणसी, सोनौली-गोरखपुर तथा गोरखपुर नॉर्थ-ईस्ट बाईपास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मथुरा, आगरा, बरेली और मेरठ में चल रही सड़क निर्माण एवं एनएचएआई परियोजनाओं को भी गति देने के निर्देश दिए गए। एनएचएआई के अध्यक्ष संतोष यादव ने प्रदेश में संचालित परियोजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। बैठक में जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। For more updates follow on X
































