दूरदर्शन ने सजाई शाम और “पुरवा सुहानी” ने बांधा समां

सांस्कृतिक संध्या पुरवा सुहानी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम, विशेष सचिव उपाध्याय, दूरदर्शन के केन्द्र अध्यक्ष अनुपम स्वरूप एवं दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख अनुपम पाठक ने दीप प्रज्वलन कर किया।

0
599

लखनऊ (राज्य मुख्यालय) । राजधानी लखनऊ के संगीत नाटक अकादमी प्रेक्षागृह में दूरदर्शन केन्द्र लखनऊ ने शुक्रवार को सांस्कृतिक संगीत संध्या पुरवा सुहानी (Purva Suhani) का आयोजन किया। लोकगीतों के जरिये लोक को अपनी परंपराओं से जोड़ने की कोशिश के तहत सुप्रसिद्ध कलाकार मालिनी अवस्थी एवं उभरती हुई कलाकार राधा श्रीवास्तव ने अपने लोकगीतों की प्रस्तुति दी।

राधा ने अपने लोकगीत छोटका बलम और चटनिया सुनाकर दर्शको को अपने साथ थिरकने पर मजबूर कर दिया। मालिनी अवस्थी ने विरह और मिलन की थीम पर अपने लोकगीतों की प्रस्तुति दी, उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में दर्शकों को अपने साथ जोड़ कर कार्यक्रम को उसके वैभव तक पहुंचाया।

इससे पहले सांस्कृतिक संगीत संध्या पुरवा सुहानी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम, विशेष सचिव उपाध्याय, दूरदर्शन के केन्द्र अध्यक्ष अनुपम स्वरूप एवं दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख अनुपम पाठक ने दीप प्रज्वलन कर किया।दूरदर्शन के सहायक निदेशक आत्मप्रकाश मिश्रा ने दूरदर्शन के ध्येय वाक्य सत्यम शिवम सुन्दरम की व्याख्या करते हुए कहा कि दूरदर्शन सदैव से ही सत्य के साथ रहा है क्योंकि जो सत्य है वही शिव है और जो सत्य है वही सुन्दर है, उन्होंने दूरदर्शन को आज की शोर गुल वाली टीवी संस्कृति के विपरीत सूचना, शिक्षा और मनोरंजन का पर्याय बताया।

सांस्कृतिक संध्या पुरवा सुहानी के दौरान दर्शकगण
पुरवा सुहानी में RJ Anju

कार्यक्रम प्रमुख अनुपम पाठक ने कहा कि दूरदर्शन का प्रयास रहता है वो समाज में रचे-बसे लोकगीतों, लोककथाओं एवं लोकगाथाओं के द्वारा अपनी परंपराओं एवं संस्कृति से नई पीढी को अवगत कराता रहे, इसी उद्देश्य को लेकर दूरदर्शन केन्द्र लखनऊ ने सांस्कृतिक संगीत संध्या पुरवा सुहानी का आयोजन किया।कार्यक्रम के समन्वयक श्याम नारायण चौधरी ने हमारे संवाददाता से कहा कि लोकगीतों के कार्यक्रम में दर्शकों की भारी उपस्थिति हमारे लिए एक सुखद आश्चर्य जैसा है, उन्होंने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय कलाकारों के साथ साथ लखनऊ की जनता को दिया।

सांस्कृतिक संध्या पुरवा सुहानी के दौरान दूरदर्शन के सीनियर ऐंकर अब्राहम मिराज अपने साथी ऐंकर के साथ
पुरवा सुहानी के दौरान दूरदर्शन के सीनियर ऐंकर अब्राहम मिराज

दूरदर्शन केन्द्र के अध्यक्ष सह उपमहानिदेशक अनुपम स्वरूप ने कार्यक्रम में आये कलाकारों, अतिथियों एवं दर्शकों का धन्यवाद ज्ञापित करने के साथ-साथ कार्यक्रम पुरवा सुहानी से जुड़ी दूरदर्शन की टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस सांस्कृतिक संगीत संध्या में शहर के गणमान्य लोगों के अलावा मीडिया गुरु डॉ विजय प्रकाश उपाध्याय, एचजी फाउंडेशन के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी, आरजे सुनील, आरजे अंजू शुक्ला समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

For more updates follow on X

LEAVE A REPLY