मुंबई में भी बंट सकती है समाजवादी पार्टी

0
331

समाजवादी पार्टी में चल रही आंतरिक लड़ाई का असर मुंबई में भी पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर पार्टी द्वारा कार्रवाई करने की स्थिति में मुंबई समाजवादी पार्टी में भी दो फाड़ होना तय है। साफ तौर पर बीएमसी चुनावों में इसका नकारात्मक असर पड़ेगा। सभी की नजरें अपने दम पर महाराष्ट्र में पार्टी की कमान संभालने वाले अबू आसिम आजमी पर होंगी।

पार्टी के एक नगरसेवक ने बताया कि ज्यादातर नगरसेवक अखिलेश यादव के साथ होंगे। ऐसा होता है तो मुलायम के नेतृत्व वाली पार्टी के लिए मुंबई में मुश्किलें बढ़ जाएंगी। गौरतलब है कि चंद नगरसेवकों वाली सपा सूर्य-नमस्कार पर हुए विवाद से मिली संजीवनी को भुनाने की भरपूर कोशिश में जुटी थी। इस बीच, लखनऊ में चल रहे घटनाक्रम ने दांव ही पलट दिया।

पूरी समाजवादी पार्टी ही दो धड़ों में बंटती नजर आ रही है। ज्यादातर युवा नेता अखिलेश के नेतृत्व में ही भरोसा दिखाकर उनके साथ हो लेंगे। समाजवादी पार्टी के कुछ नगरसेवक भी पार्टी छोड़ने की तैयारी में बताए जा रहे हैं। हालांकि, मुलायम सिंह के नेत्तृव में इन्हें सपा से टिकट मिलने पर यह विचार बदल सकते हैं। मुलायम की नैया में सवार अमर सिंह की भूमिका भी चुनावों में देखने लायक होगी।

टिकटों का ऐलान दिसंबर में
बीएमसी में बिना कांग्रेस के गठबंधन से चुनाव लड़ने का ऐलान करने वाली पार्टी दिसंबर तक प्रत्याशियों के ऐलान की योजना बना रही है। पार्टी इस बात को लेकर विचार कर रही है कि आरक्षण के बाद बदले परिदृश्य में किसी भी प्रत्याशी के लिए अपने दम पर सीट जिताना मुश्किल है। ऐसे में, पार्टी सभी पहलूओं पर विचार कर ही टिकट बांटेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here