लखनऊ। राजधानी में अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लाटिंग पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अपने प्रवर्तन तंत्र को हाईटेक सुविधाओं से लैस कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को एलडीए अध्यक्ष एवं मण्डलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने गोमती नगर स्थित प्राधिकरण भवन परिसर से प्रवर्तन टीम के विशेष वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में नये बन रहे अवैध व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ एक सप्ताह तक लगातार अभियान चलाया जाए तथा सर्वे कर सीलिंग की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
LDA Chair Person and मण्डलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रवर्तन अभियान के दौरान आम नागरिकों का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध वसूली अथवा भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रवर्तन टीमों से पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
LDA उपाध्यक्ष डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राधिकरण के सातों जोनों में जोनल अधिकारी एवं विहित प्राधिकारी के नेतृत्व में सात प्रवर्तन दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक टीम को एक-एक बोलेरो वाहन उपलब्ध कराया गया है, जिन्हें आधुनिक तकनीक और हाईटेक उपकरणों से लैस किया गया है। इन वाहनों में जीपीएस लोकेटर, नाइट विजन हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर, हूटर सहित अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
Dr Tripathi ने बताया कि इन वाहनों के माध्यम से न केवल अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, बल्कि पूरे अभियान की मॉनिटरिंग भी प्रभावी ढंग से हो सकेगी। वाहनों में लगे कैमरे रास्ते में होने वाले अवैध निर्माणों की वीडियो रिकॉर्डिंग लगातार करते रहेंगे, जबकि ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस लंबे समय तक डेटा सुरक्षित रखने में सक्षम होंगे। आवश्यकता पड़ने पर इन रिकॉर्डिंग्स का उपयोग साक्ष्य के रूप में भी किया जा सकेगा।
LDA उपाध्यक्ष ने यह भी बताया कि जीपीएस तकनीक की मदद से एलडीए अधिकारी अपने मोबाइल फोन पर किसी भी प्रवर्तन वाहन की लोकेशन ट्रेस कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रवर्तन दल इन्हीं वाहनों से मौके पर पहुंचेंगे। वाहनों पर बड़े अक्षरों में “लखनऊ विकास प्राधिकरण” एवं संबंधित प्रवर्तन जोन का नाम अंकित किया गया है, ताकि आम जनता आसानी से उनकी पहचान कर सके। इस अवसर पर सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा तथा सभी जोनल अधिकारी उपस्थित रहे। For more updates follow on X



































