Gomti River Forest :नदिया किनारे विकसित होगी ये सौग़ात

लखनऊ की लाइफलाइन गोमती नदी के किनारे 300 एकड़ क्षेत्र में गोमती रिवर फॉरेस्ट विकसित किया जायेगा। इस परियोजना से पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

0
45

लखनऊ (राज्य मुख्यालय) । गोमती रिवर फॉरेस्ट (Gomti River Forest) परियोजना राजधानी लखनऊ के पर्यावरण और पर्यटन को नई दिशा देने जा रही है। गोमती नदी किनारे पिपराघाट से सरसावां क्षेत्र तक करीब 300 एकड़ में यह विशाल हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। LDA द्वारा विकसित इस परियोजना पर लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण (Lucknow Development Authority) प्रशासन के अनुसार गोमती रिवर फॉरेस्ट (Gomti River Forest) को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल तरीके से विकसित किया जाएगा। परियोजना के दौरान गोमती नदी के प्राकृतिक बहाव और जल तंत्र से किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं होगी। नदी के आसपास का प्राकृतिक स्वरूप सुरक्षित रखा जाएगा।

परियोजना में जमीन पर सामान्य सड़क या पक्का ट्रैक नहीं बनाया जाएगा। लोगों के घूमने और मॉर्निंग वॉक के लिए छह फीट ऊंचे एलिवेटेड पाथवे और जॉगिंग ट्रैक तैयार किए जाएंगे। इससे नीचे रहने वाले जीव-जंतुओं और वनस्पतियों का प्राकृतिक जीवन प्रभावित नहीं होगा।

पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि गोमती रिवर फॉरेस्ट (Gomti River Forest) शहरी जंगलों का आधुनिक मॉडल साबित हो सकता है। यहां नदी की ओर किसी प्रकार की बाउंड्री वॉल नहीं बनाई जाएगी। इससे नदी का पानी प्राकृतिक रूप से अंदर-बाहर आता रहेगा और जलीय जीवों का संरक्षण संभव हो सकेगा। जल क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए लेमन ग्रास, वाटर लिली, कमल और अन्य जलीय पौधे लगाए जाएंगे। ये पौधे पानी को प्राकृतिक रूप से साफ रखने में मदद करेंगे। परियोजना में मछलियों, कछुओं और अन्य जलीय जीवों के संरक्षण की भी व्यवस्था होगी।

गोमती रिवर फॉरेस्ट (Gomti River Forest) में आम, अमरूद, लीची, जामुन, पीपल, बरगद और कटहल जैसे पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा अमलतास, गुलमोहर और अन्य फूलदार पौधे पूरे क्षेत्र को आकर्षक बनाएंगे। गोमती रिवर फॉरेस्ट को फैमिली डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां फूड कोर्ट, गजीबो, बैठने की व्यवस्था और टॉयलेट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इस परियोजना से राजधानी में हरियाली बढ़ेगी और पर्यटन को नया बढ़ावा मिलेगा।

LEAVE A REPLY