रामलीला में सीतामैया का रोल अदा करने वाले अदाकार आज भोजपुरी फिल्मों के ‘अमिताभ बच्चन’ कहे जाने वाले भोजपुरिया सुपरस्टार रवि किशन रविवार को बीजेपी में शामिल हो गए| बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली| इस दौरान दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी भी मौजूद थे| मनोज तिवारी की उपस्थिति इसलिए भी अहम रही क्योंकि मनोज भी भोजपुरी फिल्मों के स्टार होने के साथ गायक भी रहे हैं| रविवार को सुबह करीब 10 बजे उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली उसके बाद मनोज तिवारी ने ट्विटर के जरिये इस सूचना लोगों को दी|दरअसल इस सदस्यता की अगुआई मनोज तिवारी ने ही की है जो अभी दिल्ली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं |खास बात यह है कि 43 वर्षीय रवि किशन पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर अपने गृह जिले यूपी के जौनपुर से चुनाव लड़ चुके हैं| हालांकि वह चुनाव हार गए थे | उस वक्त रवि किशन ने कहा था कि वह राजनीतिक पारी शुरू करने के बावजूद फिल्मों में काम करना जारी रखेंगे | उस समय उन्होंने कहा था कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी से प्रेरित होकर वह राजनीति में उतर रहे हैं|
रवि किशन ने कई भोजपुरी हिट फिल्में दी हैं | उनमें ‘एक और फौलाद’ ,’रक्तभूमि ‘ ,’पंडित जी बताएं ना बियाह कब होई,’ ‘रावण’, ‘बांके बिहारी एमएलए’ आदि उनकी सुपर हिट फिल्में हैं| इसके अलावा उन्होंने कई हिंदी, मराठी और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है| इन्होंने ‘बिग बॉस’ और ‘झलक दिखला जा’ जैसे रिएलटी शो में भी हिस्सा लिया है |इसके अलावा हॉलीवुड फिल्म स्पाइडर मैन-3 के भोजपुरी डबिंग में भी उन्होंने आवाज दी है|