LDA की नई स्कीमों का ऐलान, सबके सिर पर छत हो

LDA के वीसी ने कहा कि सभी विशेष कार्याधिकारी अपने अनुभागों की समीक्षा करके गायब पत्रावलियों की सूची तैयार कर लें तथा जिस स्तर पर पत्रावली गायब हुई, उसके विरूद्ध कार्यवाही की संस्तुति करें।

0
314

लखनऊ (राज्य मुख्यालय) लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जानकीपुरम, जानकीपुरम विस्तार, प्रियदर्शिनी, अलीगंज एवं कानपुर रोड योजना की आवासीय सम्पत्तियों के सम्बंध में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उपाध्यक्ष ने कार्यों को बेवजह लंबित रखने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यशैली सुधारने की नसीहत दी।उन्होंने कहा कि जन सामान्य द्वारा जिन अनुभागों की ज्यादा शिकायतें की जाएंगी, उनके विशेष कार्याधिकारी की वार्षिक गोपनीय प्रवृष्टि में बैड इन्ट्री अंकित की जाएगी।

बैठक में संज्ञान में लाया गया कि स्तर-1 एवं स्तर-2 के अधिकारियों द्वारा न ही कभी अपने अनुभागों की समीक्षा की जाती है और न ही निरीक्षण किया जाता है। जिसके कारण अनुभाग में कार्य लंबित रहता है और जन सामान्य को जनता अदालत व नागरिक सुविधा दिवस में आकर उच्चाधिकारियों से संपर्क करना पड़ता है। इस पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से अपने अनुभागों की समीक्षा करने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने हिदायत दी कि किसी भी सूरत में पत्रावली गायब होने का हवाला देकर आवंटी का काम न रोका जाए। ऐसे समस्त प्रकरणों में नियमानुसार डुपलीकेट फाइल खोलकर कार्यवाही प्रचलित की जाए।

उन्होंने कहा कि सभी विशेष कार्याधिकारी अपने अनुभागों की समीक्षा करके गायब पत्रावलियों की सूची तैयार कर लें तथा जिस स्तर पर पत्रावली गायब हुई, उसके विरूद्ध कार्यवाही की संस्तुति करें। इसी तरह सभी अधिकारी अपने अनुभागों की लंबित फाइलों की भी सूची बना लें, जिन्हें शनिवार को आयोजित होने वाले सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे में प्रस्तुत करके निस्तारित कराया जाए।

LEAVE A REPLY