कालाधन को लेकर चल रही तमाम कवायद को बड़ी सफलता मिली है। विदेश के बैंकों में बड़ी संख्या में जमा कालेधन के खाताधारकों की जानकारी मोदी सरकार को मिल गई है। स्विट्जरलैंड सरकार की ओर से इन तमाम खाताधारकों की लिस्ट भारत सरकार को सौंप दी है। स्विट्जरलैंड सरकार की ओर से कालाधन खाताधारकों की यह पहली लिस्ट मोदी सरकार को सौंप दी गई है। बता दें कि भारत उन चुनिंदा देशों में से एक है जिसे स्विस बैंक खाताधारकों की जानकारी मिली है।
स्विट्जरलैंड के आयकर विभाग के अनुसार भारत सरकार को अगली जानकारी 2020 में सौंपी जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार स्विस बैंक में दुनियभार के 75 देशों के 31 लाख बैंक खाते हैं, जिनपर सरकारों की पैनी नजर है। इन खातों में कई खाते भारत के हैं, जिनकी जानकारी हासिल करने का भारत सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस कड़ी में भारत को यह बड़ी सफलता मिली है। इस जानकारी के मिलने के साथ ही अब उन तमाम धन कुबेरों का नाम सामने आएगा, जिन्होंने देश को करोड़ों का चूना लगाया है।
सूत्रों की मानें तो भारत सरकार को जिन बैंक खातों की जानकारी मिली है वह सभी गैरकानूनी हैं। इस जानकारी के मिलने के बाद अब भारत सरकार की तमाम एजेंसियां इसकी जांच करेंगी और एक-एक करके उन लोगों के नाम बेनकाब होंगे, जिन्होंने देश को आर्थिक क्षति पहुंचाई है। सूत्रों की मानें तो जिन लोगों के नाम इस लिस्ट में हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।