लखनऊ (राज्य मुख्यालय)। उत्तर प्रदेश में बढ़ती बिजली मांग और ऊर्जा उत्पादन क्षमता को लेकर प्रदेश सरकार ने बड़ा दावा किया है। सरकार के अनुसार इस वर्ष भीषण गर्मी के दौरान प्रदेश में 31,894 मेगावाट तक की बिजली की पीक सप्लाई (बिजली सप्लाई) की गई, जो उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति बताई जा रही है। सरकार का कहना है कि नगरीय क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी 22 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी है।
प्रदेश सरकार ने कहा कि लगातार आंधी, तूफान, ओलावृष्टि और बारिश के कारण विद्युत अवसंरचना प्रभावित होने के बावजूद बिजली कर्मी दिन-रात मेहनत कर प्रदेश के हर हिस्से तक बिजली सप्लाई का कार्य कर रहे हैं। साथ ही विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा गया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।
सरकार के मुताबिक वर्ष 2017 में प्रदेश में बिजली की अधिकतम औसत पीक सप्लाई (बिजली सप्लाई) करीब 13 हजार मेगावाट थी, जो अब बढ़कर लगभग 32 हजार मेगावाट तक पहुंच गई है। वहीं प्रदेश की तापीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2017 में राज्य का कुल तापीय ऊर्जा उत्पादन 5,160 मेगावाट था, जो 2022 में बढ़कर 5,820 मेगावाट हुआ। इसके अतिरिक्त पिछले चार वर्षों में 660 मेगावाट की 11 नई इकाइयों के माध्यम से 7,260 मेगावाट अतिरिक्त तापीय ऊर्जा क्षमता जोड़ी गई है। बिजली कटौती पर CM Yogi सख्त, ये रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
प्रदेश सरकार ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धियों का दावा किया है। जानकारी के अनुसार पिछले चार वर्षों में 6,627 मेगावाट सौर क्षमता स्थापित की जा चुकी है। लखनऊ देश का पहला ऐसा जनपद बन गया है जहां पीएम सूर्यघर योजना के तहत एक लाख से अधिक रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन किए गए हैं। इसके अलावा वाराणसी, कानपुर नगर, बरेली, आगरा, प्रयागराज और झांसी भी घरेलू रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में देश के शीर्ष जिलों में शामिल हैं।

सरकार ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में हजारों मेगावाट क्षमता की नई सौर परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। साथ ही मेजा और मिर्जापुर में 4 हजार मेगावाट क्षमता की नई तापीय परियोजनाओं की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सरकार का दावा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश के लाखों गांवों और मजरों तक पहली बार बिजली सप्लाई का कार्य किया है तथा गुणवत्ता युक्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। For more updates follow on X



































