लखनऊ/गौतमबुद्ध नगर । उत्तर प्रदेश में विमानन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उस समय देखने को मिला जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से इंडिगो की फ्लाइट सफलतापूर्वक लखनऊ पहुंची। इस विशेष उड़ान के जरिए जेवर क्षेत्र के 172 किसान राजधानी लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। किसानों के इस प्रतिनिधिमंडल में 20 महिलाएं भी शामिल रहीं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए हुई इस सफल उड़ान को प्रदेश की एयर कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे नोएडा और लखनऊ के बीच हवाई संपर्क और मजबूत हुआ है। साथ ही यात्रियों को तेज, सुरक्षित और बेहतर हवाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
लखनऊ पहुंचने पर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। पहली बार हवाई यात्रा करने वाले कई किसानों ने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। किसानों का कहना था कि प्रदेश में तेजी से विकसित हो रही आधारभूत सुविधाएं गांव और किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
मुख्यमंत्री आवास पहुंचने के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद किया। किसानों ने जेवर एयरपोर्ट परियोजना और क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद जताया। मुख्यमंत्री ने भी किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास और आधुनिक सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास का नया केंद्र बनने जा रहा है। इससे रोजगार, व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। Noida International Airport पर संपादकीय पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में तेजी से बढ़ रही एयर कनेक्टिविटी से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश देश में बेहतर विमानन सुविधाओं वाला अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ तक की यह सफल उड़ान एयरपोर्ट संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इससे प्रदेश में विमानन क्षेत्र के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। For more updates follow on X


































