स्वागतम, स्वागतम, स्वागतम ओलंपियन रवि दहिया

टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए रजत पदक जीतकर गांव का नाम विश्व पटल पर चमकाने वाले नाहरी के पहलवान रवि दहिया के स्वागत में बुधवार को हजारों लोग उमड़ पड़े। दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम से नाहरी तक पहलवान रवि दहिया को गुरू महाबली सतपाल के साथ खुली जीप में रोड शो निकालते हुए लाया गया।

0
620

लखनऊ / सोनीपत। बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहलवान रवि दहिया के गांव नाहरी पहुंचे। यहां उन्होंने ओलंपिक पदक विजेता रवि दहिया को सम्मानित किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि गांव में जलभराव की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। इसके लिए ड्रेन बनाई जाएगी। गांव की हर रसोई में पीने का पानी पहुंचेगा। गांव के स्कूल को 1. 88 करोड़ रुपये से नया बनाया जाएगा। 

टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए रजत पदक जीतकर गांव का नाम विश्व पटल पर चमकाने वाले नाहरी के पहलवान रवि दहिया के स्वागत में बुधवार को हजारों लोग उमड़ पड़े। दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम से नाहरी तक पहलवान रवि दहिया को गुरू महाबली सतपाल के साथ खुली जीप में रोड शो निकालते हुए लाया गया। दिल्ली से बांकनेर तक 25 किलोमीटर का सफर करीब दो घंटे में पूरा हो सका। जबकि बांकनेर से अपने गांव तक पहुंचने में रवि को साढ़े तीन घंटे लगे। सीएम मनोहर लाल ने रवि दहिया को गदा भेंटकर व शॉल देकर सम्मानित किया।

रवि दहिया सुबह नौ बजे दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम से खुली जीप में अपने गुरु महाबली सतपाल के साथ नाहरी गांव के लिए निकले। इस दौरान दिल्ली में जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। जिसके चलते उन्हें 25 किलोमीटर का सफर तय करने में दो घंटे लग गए। वह सुबह करीब 11 बजे गांव नाहरी से पहले दिल्ली के गांव बांकनेर पहुंचे। रवि के स्वागत में ग्रामीण 200 कार, 500 बाइक व ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर पहले ही पहुंच गए।

रवि दहिया जैसे ही बांकनेर पहुंचे तो गांव जयकारे से गूंज उठा। वहां से ग्रामीण नाचते गाते ढोल थाप व चार डीजे बजाते हुए गांव में पहुंचे। करीब पांच किलोमीटर का यह सफर साढ़े तीन घंटे में पूरा हो सका। जुलूस में 42 स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई। वहीं रवि के घर के बाहर भी ग्रामीणों ने जमकर आतिशबाजी की। स्वागत समारोह में पहुंचे सीएम मनोहर लाल व खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने मंच पर रवि दहिया व उनके गुरु महाबली सतपाल पहलवान का अभिनंदन किया। इस दौरान रवि दहिया को गदा व शॉल देकर सम्मानित किया।

गांव नाहरी में रवि दहिया के सम्मान समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गांव नाहरी में विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने गांव में इंडोर स्टेडियम बनवाने के साथ स्कूलों का भी कायाकल्प करने की बात कही। इसके अलावा गांव में पुस्तकालय, कम्यूनिटी सेंटर खोलने, पीएचसी को सीएचसी सेंटर में तब्दील करने की घोषणा की। इसके अलावा गांव की फिरनी को पक्का किया जाएगा। साथ बिजली व पेयजल की व्यवस्था को सुचारु करने की बात कही। धार्मिक स्थल दादा शंभुनाथ व एक अन्य तालाब का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।

नाहरी गांव में 24 घंटे बिजली की सुविधा देने के लिए नई योजना की शुरुआत की है। गांव में बिजली बिल के बकाएदारों की संख्या 660 है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की है कि यदि यह ग्रामीण बिजली बिल का भुगतान करते हैं तो न केवल जुर्माना माफ होगा, बल्कि 12 माह की आसान किस्तें भी बनाई जाएंगी। सीएम ने कहा कि जो गांव 100 प्रतिशत बिल जमा करवाते हैं, वहां पर 24 घंटे बिजली दी जाती है। ऐसे में ग्रामीण चाहें तो उन्हें भी 24 घंटे बिजली मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here