लखनऊ (DON Correspondent) उत्तर प्रदेश सरकार की कुक्कुट विकास नीति-2022 को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव एवं कुक्कुट निवेश सम्मेलन का आयोजन किया गया। लखनऊ में पोल्ट्री कॉन्क्लेव में लखनऊ मंडल के पोल्ट्री फार्मरों और उद्यमियों ने 73 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर किए। सम्मेलन में कुक्कुट विकास नीति से जुड़े पोल्ट्री फार्मरों, निवेशकों तथा पोल्ट्री व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को कुक्कुट योजनाओं और वैज्ञानिक पोल्ट्री प्रबंधन से संबंधित पुस्तिकाएं वितरित की गईं। अधिकारियों ने कुक्कुट विकास नीति-2022 के तहत मिलने वाले प्रोत्साहन, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी। भारत सरकार ने उत्तर प्रदेश के बिजली मंत्री की तारीफ क्यों की? पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
कॉन्क्लेव में सफल पोल्ट्री किसानों को अपने अनुभव साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया। इस दौरान डॉ. सुभाष चंद्र जायसवाल और मोहम्मद सैफ ने पोल्ट्री व्यवसाय में सफलता के अपने अनुभव साझा करते हुए आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। विशेषज्ञों ने अंडे और पोल्ट्री उत्पादों में मौजूद प्रोटीन, विटामिन और खनिज तत्वों की उपयोगिता बताते हुए लोगों को संतुलित आहार में इनके महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पोल्ट्री उद्योग न केवल पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि रोजगार और स्वरोजगार के बड़े अवसर भी उपलब्ध कराता है।
लखनऊ में पोल्ट्री कॉन्क्लेव सम्मेलन के दौरान लखनऊ मंडल के विभिन्न उद्यमियों द्वारा कुल 73 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति जताई गई, जिसे पोल्ट्री क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इससे क्षेत्र में उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने सभी अधिकारियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में पोल्ट्री उद्योग को नई दिशा देने और निवेश को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कॉन्क्लेव की अध्यक्षता संयुक्त विकास आयुक्त, लखनऊ मंडल श्री शिवाकांत द्विवेदी ने की। इस अवसर पर प्रभारी एलडीएम निखिल जौहरी, पशुपालन निदेशालय के अपर निदेशक ग्रेड-1 डॉ. अनिल कुमार, उपनिदेशक कुक्कुट-1 डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी, उपनिदेशक कुक्कुट रोग निदान डॉ. विपाशा सिंह, अपर निदेशक ग्रेड-2 डॉ. अजय कुमार कनौजिया तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी लखनऊ डॉ. सुरेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। For more updates follow on X




















