अगले साल तक यूपी की सड़कें अमेरिका की तरह हो जायेंगी

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि 2024 के अंत तक यूपी की सड़कें अमेरिका के बराबर हो जाएंगी। उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि फेफना से हल्दी तक फोर लेन सड़क बनेगी ।परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा फेफना से हल्दी तक फोर लेन सड़क बनने से बलिया के विकास की रफ्तार कई गुनी बढ़ जाएगी।

0
379

लखनऊ /बलिया । केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को चितबड़ागांव में आयोजित कार्यक्रम में 6500 करोड़ की सात परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इसमें सबसे प्रमुख रूप से ग्रीनफील्ड-वे तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को बक्सर से जोड़ने वाला 17 किमी लम्बा लिंक रोड शामिल है। कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ करने के बाद बटन दबाकर लोकार्पण- शिलान्यास किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि 2024 के अंत तक यूपी की सड़कें अमेरिका के बराबर हो जाएंगी। पूर्वी यूपी विकास की राह में आगे दौड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले बलिया आगमन के दौरान मैने जो भी वादे किए, उसको एक-एक कर पूरा किया।

नितिन गडकरी ने बताया कि उप्र में सड़क निर्माण के कार्य पर एनएच की तरफ से 2.80 करोड़ के कार्य किए गए हैं। 2014 से 2023 तक 80 हजार करोड की लागत से पांच हजार किमी के कार्य को पूरा किया गया है। उन्होंने अपनी सरकार की अब तक कि उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही आगे निर्माण होने वाली परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बलिया के किसानों की सब्जी पूरी दुनिया मे भेजने में अपना हरसम्भव सहयोग करूंगा। उंन्होने कहा कि वाराणसी से हावड़ा तक 22 हजार करोड़ का 620 किमी एक्सप्रेस-वे का निर्माण शुरू है। इसके पूरे हो जाने के बाद यह दूरी सिर्फ सात घण्टे की हो जाएगी।

प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने केंद्रीय मंत्री गडकरी जी के प्रति आभार जताते हुए कहा, केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश में तमाम बड़े कार्य हुए। उत्तर प्रदेश में आठ साल पहले 48 एनएच थे, आज की तारीख में 90 से अधिक हैं। इसके अलावा सरकार की अन्य उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से प्रदेश में हर जरूरतमंद स्थल पर रेलवे ओवरब्रिज बनवाने की मांग की। अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन पर विशेष प्रयास करने पर जोर दिया। कहा कि आस्था के केंद्रों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो। उन्होंने कहा कि बलिया से जो भी मांग आयी है या आगे भी आएगी, हर एक मांग प्रदेश की योगी सरकार पूरी करेगी। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा कर सड़क विषयक समस्याओं का समाधान होगा।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बलिया में बड़ी परियोजनाओं को देने के लिए केंद्रीय परिवहन मंत्री गडकरी जी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष नई दिल्ली में मिलने के बाद मेरी एक मांग पर इतनी बड़ी प्रेरणा बलिया को आपने दिया, इसके लिए पूरे जनपद वासियों की तरफ से आभार प्रकट करता हूँ। परिवहन मंत्री ने ग्रीनफील्ड के बाद अब फेफना से हल्दी तक के मार्ग को फोर लेन सड़क बनवाने की मांग करते हुए कहा कि इसके बन जाने से बलिया के विकास की रफ्तार कई गुनी बढ़ जाएगी। इस मांग पर गडकरी जी ने हामी भरी और पूरा करने का भरोसा दिलाया।

सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि यातायात के सुदृढ होने से कृषि सम्बन्धी विकास भी होगा। कृषि अर्थव्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने मोटे अनाज के उत्पादन पर विशेष बल दिया। उन्होंने सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखने की भी बात कही। स्पष्ट कहा कि जो मानदंड बना है, उसी के अनुसार सड़क बनाई जाए। यह भी कहा कि बलिया तपश्वियों की धरती है। दर्जनों मंदिर हैं जो ऐतिहासिक हैं। सबका जीर्णोद्धार जरूरी है।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज बलिया के चितबड़ागांव में आयोजित कार्यक्रम में कुल 6500 करोड़ की लागत की सात राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने जिन कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें गाजीपुर-बलिया-माँझीघाट कुल 131 किमी मार्ग के सुदृढ़ीकरण का कार्य, सिकंदरपुर-हनुमानगंज-बलिया कुल 35 किमी का सुदृढ़ीकरण व गाजीपुर जिले में गाजीपुर बलिया मार्ग पर बेसो नदी पर सेतु का निर्माण कार्य शामिल है।

केंद्रीय परिवहन मंत्री ने गाजीपुर-बलिया- मांझीघाट (यूपी-बिहार सीमा) तक फोर-लेन ग्रीनफील्ड-वे और बक्सर के लिए 17 किमी के लिंक रोड के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। इसके अलावा गाजीपुर जिले में मरदह-जखनिया-सादात-सैदपुर मार्ग के टू-लेन पेव्ड शोल्डर निर्माण कार्य (लम्बाई 54 किमी, लागत 840 करोड़), यूपी-बिहार सीमा से चंदौली तक टू-लेन पेव्ड शोल्डर निर्माण कार्य (लम्बाई 11 किमी, लागत 130 करोड़) तथा गाजीपुर-बलिया मार्ग पर माल्देपुर से कदम चैराहा तक के मार्ग का निर्माण कार्य (लम्बाई 5 किमी, लागत 50 करोड़) का शिलान्यास हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here