BJP विधायक गोपाल जी टंडन का निधन, CM योगी ने श्रद्धांजलि अर्पित की

0
214

लखनऊ (राज्य मुख्यालय) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने लखनऊ पूर्व के विधायक तथा राज्य सरकार के पूर्व मंत्री श्री आशुतोष टण्डन ‘गोपाल जी’ के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री टण्डन लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने स्व0 श्री टण्डन के आवास पर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री  ने कहा कि श्री आशुतोष टण्डन एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। न केवल अपने विधान सभा क्षेत्र में, बल्कि पूरे लखनऊ में लोग उन्हें उनके पूज्य पिता द्वारा दिए गए नाम ‘गोपाल जी’ के नाम से पुकारते थे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से 2022 तक उनके (मुख्यमंत्री जी) साथ प्रदेश सरकार के मंत्रिमण्डल में श्री आशुतोष टण्डन ने चिकित्सा शिक्षा, तकनीकी शिक्षा व नगर विकास विभाग के कार्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। इन 05 वर्षों में सरकार के बड़े-बड़े निर्णयों जैसे प्रयागराज कुम्भ-2019 के भव्य व दिव्य आयोजन, वर्ष 2017 में अयोध्या में प्रारम्भ दीपोत्सव के कार्यक्रम, वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज तथा तकनीकी शिक्षा के उन्नयन के कार्यक्रमों में उनकी बहुत ही सकारात्मक भूमिका थी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यद्यपि इस कमी को पूरा नहीं किया जा सकता, परन्तु राज्य सरकार शोक संतप्त परिजनों का पूरा सहयोग करेगी।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं लखनऊ पूर्व से विधायक श्री आशुतोष टण्डन उर्फ गोपाल जी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है ।प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर श्रद्धेय आशुतोष टण्डन जी के पार्थिव देह पर भाजपा का ध्वज ओढाकर पुष्पांजलि अर्पित की।

पार्टी मुख्यालय पर प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, अभिजात मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित सह प्रभारी हिमांशु दुबे, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित सहप्रभारी लक्ष्मण चौधरी, अतुल अवस्थी, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आशुतोष टंडन जी को श्रद्धांजलि दी। गुलाला घाट पर हुए अंतिम संस्कार में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नम आँखो से अंतिम विदाई दी।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने श्रद्धेय आशुतोष टंडन जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के कर्तव्यनिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय विधायक श्री आशुतोष टंडन ‘गोपाल जी‘ के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायी है। श्री आशुतोष टंडन जी अपनी कर्तव्यनिष्ठता, सादगी, सरलता और ऊर्जावान नेता के रूप सदैव याद किये जाते रहेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने परमपिता परमेश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देंने तथा शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह असहनीय पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने श्रद्धेय आशुतोष टंडन जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here