बिजली कटौती पर CM Yogi सख्त, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश

ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ती बिजली मांग के बीच उत्पादन क्षमता बढ़ाने, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और ट्रांसमिशन नेटवर्क मजबूत करने के निर्देश दिए।

0
27

लखनऊ (राज्य मुख्यालय) । उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बीच मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने बिजली कटौती को लेकर नाराज़गआ जताई है और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। ऊर्जा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश के गांवों और शहरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को गर्मी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, इसलिए सभी उत्पादन इकाइयों को पूरी क्षमता और दक्षता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बिजली उत्पादन के साथ-साथ ट्रांसमिशन नेटवर्क को भी मजबूत और भरोसेमंद बनाया जाए, जिससे तकनीकी खराबियों के कारण बिजली आपूर्ति बाधित न हो।

बैठक में CM Yogi Adityanath ने फीडर वाइज मॉनीटरिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फीडर की नियमित निगरानी की जाए ताकि विद्युत जनित दुर्घटनाओं को तत्काल प्रभाव से रोका जा सके इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। बिजली कटौती या तकनीकी समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में आंधी-तूफान और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम हमेशा सक्रिय रखा जाए, ताकि बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जा सके। साथ ही उन्होंने बिजली शिकायतों के त्वरित निस्तारण और उपभोक्ताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।

बैठक में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को समय पर और सही बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ऊर्जा मंत्री को हेल्पलाइन कॉल सेंटर का निरीक्षण करने और शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता को बिजली आपूर्ति, बिजली कटौती और समाधान संबंधी सही एवं पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे लोगों का विश्वास बना रहे।

LEAVE A REPLY